मध्य प्रदेश के रीवा जिले में स्थित इटमा वाटरफॉल पर घूमने आए उत्तर प्रदेश के एक युवक के साथ बड़ा हादसा हो गया। पत्थर पर खड़े होकर सेल्फी लेने के दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव वाले पानी में गिरकर बह गया। सूचना मिलते ही पुलिस और SDERF की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन दिनभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद भी युवक का पता नहीं चल सका।
दोस्तों के साथ घूमने आया था युवक
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बरगढ़ क्षेत्र से आठ लोग चार पहिया वाहन से इटमा वाटरफॉल घूमने आए थे। इनमें 21 वर्षीय सोनू खान, पिता बन्ने खान भी शामिल था। सेल्फी लेने के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बह गया। देखते ही देखते वह लोगों की नजरों से ओझल हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही अतरैला थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी के प्रभारी महेंद्र बागरी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद SDERF की टीम को बुलाया गया।
तेज बहाव और संकरे रास्ते से बढ़ी मुश्किल
SDERF के उपनिरीक्षक विकास पांडेय ने बताया कि वाटरफॉल तक जाने का रास्ता काफी संकरा और दुर्गम है। साथ ही पानी का बहाव तेज होने के कारण मोटर बोट उतारना संभव नहीं हो सका। ऐसे में जवानों ने पानी में उतरकर मैनुअल सर्चिंग की।
सर्च ऑपरेशन जारी
अंधेरा होने के कारण पहले दिन सर्चिंग पूरी नहीं हो सकी। सोमवार सुबह करीब 6 बजे से SDERF की टीम ने दोबारा तलाश अभियान शुरू किया। हालांकि देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
पुलिस की अपील
बारिश के मौसम में वाटरफॉल और नदी-नालों में पानी का बहाव अचानक बढ़ जाता है। ऐसे में प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे खतरनाक चट्टानों पर खड़े होकर सेल्फी लेने या सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने से बचें।