बहन से मिलने गया भाई, सुबह दोनों की मिली लाश; सर्पदंश से एक ही रात में बुझ गए दो घरों के चिराग

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के मैहर क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां बहन से मिलने पहुंचे भाई और बहन की सर्पदंश से कुछ ही घंटों के अंतराल में मौत हो गई। पहले बहन ने दम तोड़ा, फिर इलाज के दौरान भाई ने भी अंतिम सांस ले ली। इस दर्दनाक हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

बहन से मिलने गया था भाई

पुलिस के अनुसार, अमरपाटन थाना क्षेत्र के ग्राम खरमसेड़ा निवासी राजेश चौधरी (45) बुधवार को अपनी बड़ी बहन कल्लू चौधरी (50) से मिलने मैहर के ग्राम कोठी पहुंचे थे। दोनों ने रात में साथ भोजन किया और एक ही कमरे में सो गए।

सुबह नहीं खुला दरवाजा, अंदर का दृश्य देख दहल गए परिजन

गुरुवार सुबह काफी देर तक जब दोनों कमरे से बाहर नहीं निकले तो परिजनों को चिंता हुई। दरवाजा खोलकर देखा तो बहन अचेत अवस्था में पड़ी थीं, जबकि भाई की हालत गंभीर थी। परिजन तुरंत दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे।

चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच में सर्पदंश की आशंका जताई। बहन को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि गंभीर हालत में भाई को पहले सिविल अस्पताल मैहर और बाद में जिला अस्पताल सतना रेफर किया गया। हालांकि इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

दो गांवों में पसरा मातम

एक ही रात में भाई-बहन की मौत की खबर फैलते ही ग्राम खरमसेड़ा और ग्राम कोठी दोनों जगह शोक का माहौल छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *