गाजीपुर काली मंदिर में दोबारा वारदात, 30 लाख की चांदी ले उड़े बदमाश

सतना। सिंहपुर थाना क्षेत्र के शिवराजपुर के समीप जंगल में स्थित प्रसिद्ध गाजीपुर काली माता मंदिर में चोरों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। एक माह के भीतर दूसरी बार हुई चोरी में बदमाश मंदिर के सिंहासन से 18 से 20 किलोग्राम चांदी उखाड़कर ले गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गई चांदी की कीमत 30 से 35 लाख रुपये बताई जा रही है।

पहले भी हुई थी लाखों की चोरी

पुलिस के अनुसार 2-3 जून की रात अज्ञात बदमाश मंदिर के मुख्य द्वार और गर्भगृह का ताला तोड़कर अंदर घुसे थे। उस दौरान सिंहासन में लगी 3 से 4 किलोग्राम चांदी चोरी कर ली गई थी। मामले में एफआईआर दर्ज की गई, लेकिन अब तक आरोपियों का पता नहीं चल सका।

पुलिस की ढिलाई का फायदा उठाकर फिर वारदात

पहली घटना का खुलासा नहीं होने का फायदा उठाते हुए बदमाशों ने 1 जुलाई की रात दोबारा मंदिर को निशाना बनाया। इस बार सिंहासन में लगी अधिकांश चांदी उखाड़कर फरार हो गए। गुरुवार सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो गर्भगृह और सिंहासन की हालत देखकर उन्होंने तुरंत ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी।

उद्योगपति ने कराया था चांदी जड़ा सिंहासन

मंदिर में श्रद्धालुओं की गहरी आस्था को देखते हुए उद्योगपति रुद्र प्रताप त्रिपाठी ने कुछ समय पहले लकड़ी का सिंहासन बनवाया था, जिस पर करीब 25 किलोग्राम चांदी की परत चढ़ाई गई थी। लगातार दो बार हुई चोरी से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

श्रद्धालुओं में आक्रोश, पुलिस से जल्द खुलासे की मांग

एक माह में दूसरी बार चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहली चोरी के बाद यदि सुरक्षा बढ़ाई जाती और आरोपियों को समय रहते पकड़ लिया जाता, तो दूसरी घटना रोकी जा सकती थी। फिलहाल सिंहपुर पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य साक्ष्य खंगाले जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *