मध्यप्रदेश के मैहर जिले में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। नादन देहात थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर तेज रफ्तार XUV आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार युवक अंदर फंस गए। हादसे में पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सतना जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे सभी युवक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी युवक जनपद पंचायत उपाध्यक्ष मनोज पटेल के जन्मदिन समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। हादसा सोमवार तड़के करीब दो बजे हुआ, जब उनकी XUV (एमपी-19-एल-1887) नादन देहात थाना क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसा। पुलिस प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और पर्याप्त दूरी नहीं बनाए रखने को हादसे का संभावित कारण मान रही है। दुर्घटना की विस्तृत जांच जारी है।
कार के उड़े परखच्चे, घंटों चला रेस्क्यू
टक्कर के बाद XUV बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन में फंसे लोगों को निकालने के लिए स्थानीय पुलिस, डायल-112 और हाईवे पेट्रोल टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। रेस्क्यू के बाद सभी घायलों और मृतकों को अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में किनकी हुई मौत
पुलिस के अनुसार हादसे में इन युवकों की मौत हुई है—
- अंकुर पटेल (39), निवासी तनाजा
- मृदुल पटेल (32), निवासी तनाजा
- विजय पटेल (32), निवासी तनाजा
- हरिशंकर पटेल (28), निवासी तनाजा
- संजीव पटेल (23), निवासी नरोरा
मृतकों में चार युवक मैहर के तनाजा गांव के रहने वाले थे। विजय पटेल और हरिशंकर पटेल सगे भाई बताए गए हैं। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने ट्रक और क्षतिग्रस्त XUV को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के समय ट्रक की गति, सड़क की स्थिति और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
NH-30 पर लगातार हो रहे हादसे
राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर पिछले कुछ महीनों में कई गंभीर सड़क हादसे सामने आए हैं। इस मार्ग पर तेज रफ्तार और पीछे से होने वाली टक्कर (Rear-end Collision) की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। हाल के महीनों में भी इसी हाईवे पर ट्रेलर, ट्रक और अन्य भारी वाहनों से जुड़े कई बड़े हादसे दर्ज किए गए हैं।