मंडला में बड़ा हादसा: पुल की रेलिंग तोड़ नदी में गिरी बोलेरो, रेंजर सोनम जैन समेत 4 घायल

मध्यप्रदेश के मंडला जिले में सोमवार रात राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। टिकरिया थाना क्षेत्र स्थित बालई नदी पुल पर जबलपुर से मंडला आ रही बोलेरो (एमपी-20-टीए-2261) अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 30 फीट नीचे नदी में जा गिरी। हादसे में मंडला वन विभाग की रेंजर सोनम जैन समेत चार लोग घायल हो गए।

बाइक सवार को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा

प्राथमिक जानकारी के अनुसार बोलेरो चालक ने बताया कि पुल पर अचानक एक मोटरसाइकिल सवार सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में वाहन का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद बोलेरो रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नीचे नदी में जा गिरी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू

हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बोलेरो में फंसे सभी घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

रेंजर सोनम जैन की हालत गंभीर

घायलों का प्राथमिक उपचार मंडला में किया गया। डॉक्टरों ने वन विभाग की रेंजर सोनम जैन की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।

बड़ा हादसा टल गया

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार जिस स्थान पर बोलेरो गिरी, वहां बालई नदी में उस समय पानी का स्तर कम था। साथ ही वाहन नीचे गिरने के बाद पलटा नहीं। इसी वजह से सभी लोग वाहन से बाहर निकाले जा सके और संभावित बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस कर रही जांच

टिकरिया थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसे के समय वाहन की गति कितनी थी और चालक द्वारा बताए गए बाइक सवार वाले घटनाक्रम की पुष्टि कैसे होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *