आधी रात बाड़े में घुसा तेंदुआ, 9 भेड़ों का किया शिकार; सतना के गांव में दहशत

सतना जिले के मझगवां वन परिक्षेत्र के कोठी सर्किल अंतर्गत शिवसागर गांव में गुरुवार-शुक्रवार की रात करीब 12 बजे तेंदुआ आबादी तक पहुंच गया। गांव निवासी रामसुखी पाल के बाड़े में घुसकर उसने वहां बंधी 9 भेड़ों का शिकार कर लिया। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। सुबह जब वे बाड़े में पहुंचे तो भेड़ों के शव पड़े मिले। इसके बाद तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई।

जांच में मिले तेंदुए के पगमार्क

सूचना मिलते ही मझगवां रेंजर रंजन सिंह परिहार के निर्देश पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर तेंदुए के पगमार्क मिले। प्रारंभिक जांच में वन विभाग ने तेंदुए द्वारा ही भेड़ों का शिकार किए जाने की पुष्टि की है।

पीड़ित पशुपालक को मिलेगी आर्थिक सहायता

रेंजर रंजन सिंह परिहार ने बताया कि शासन के नियमों के अनुसार पीड़ित पशुपालक को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि शिवसागर गांव जंगल से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, इसलिए इस क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है।

वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

घटना के बाद वन विभाग ने गांव में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। ग्रामीणों से रात के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, बच्चों पर विशेष नजर रखने और पालतू पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर बांधने की अपील की गई है। तेंदुए की मौजूदगी की सूचना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम इलाके में लगातार निगरानी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *