दतिया उपचुनाव: बवाल के बाद 27 भाजपा नेताओं समेत 200 अज्ञात पर FIR

दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी को लेकर शुरू हुआ विरोध अब कानून-व्यवस्था का मुद्दा बन गया है। पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के विरोध में हुआ प्रदर्शन हिंसक हो गया, जिसके बाद पुलिस ने 27 नामजद नेताओं और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

टिकट विवाद के विरोध में NH-44 पर 11 घंटे जाम

दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा द्वारा पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के विरोध में शुक्रवार शाम से प्रदर्शन शुरू हुआ। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (NH-44) पर करीब 11 घंटे तक जाम लगाए रखा, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों में टकराव, दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे

पुलिस के अनुसार, जाम हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया, जिसमें एसपी मयूर खंडेलवाल, एसडीओपी पूनमचंद यादव, इंदरगढ़ टीआई नरेंद्र सिंह राजपूत सहित आठ से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने भी अपने ऊपर पथराव होने की पुष्टि की है। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। वहीं प्रदर्शन में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पथराव की शुरुआत पुलिस की ओर से हुई, जिसके बाद स्थिति बिगड़ी। कार्यकर्ताओं का दावा है कि जिला महामंत्री भूरे चौधरी, किसान मोर्चा उपाध्यक्ष सुमित यादव, राजीव सेन सहित कई कार्यकर्ता और महिला कार्यकर्ता भी घायल हुए हैं।

पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ के आरोप

पुलिस का आरोप है कि उपद्रवियों ने सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की और कुछ वाहनों को पलट दिया। दूसरी ओर भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि पुलिस ने उनके निजी वाहनों को नुकसान पहुंचाया। फिलहाल दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हिंसा और शांति भंग करने के आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत 27 नामजद नेताओं और 200 अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

ये हैं नामजद आरोपी

नामजद आरोपियों में जिला महामंत्री भूरे चौधरी, पार्षद अक्कू दुबे, बृजेश दुबे, अनूप यादव, जिला मंत्री भानु ठाकुर, व्यापार प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजू गुगोरिया, जनपद उपाध्यक्ष प्रशांत डांगी, जनपद सदस्य लला रजक, भाजयुमो जिलाध्यक्ष मान सिंह कुशवाहा, विजय झंडा गुरु, आकाश भार्गव, लवकुश गुर्जर और किसान नेता सुनील दुबे सहित अन्य शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि कुछ लोगों को एहतियातन नजरबंद किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *