गुना में LPG से भरे GAIL टैंकर में लगी भीषण आग, घंटों बाद पाया गया काबू

मध्य प्रदेश के गुना जिले में रविवार शाम नेशनल हाईवे-46 पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एलपीजी (LPG) से भरे GAIL के एक टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। प्रशासन और GAIL की फायर टीम की त्वरित कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।

पंचवटी होटल के सामने लगी आग

जानकारी के अनुसार, GAIL का एलपीजी टैंकर गैस भरकर अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। रविवार शाम करीब 5 बजे रूठियाई स्थित पंचवटी होटल के सामने पहुंचते ही टैंकर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया। संभावित विस्फोट की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल नेशनल हाईवे-46 के दोनों ओर यातायात रोक दिया और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया।

फोम फायर ब्रिगेड से पाया गया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देश पर एसडीएम, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। GAIL की फायर टीम ने फोम आधारित फायर ब्रिगेड के साथ मिलकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।

एहतियात के तौर पर दोबारा होगा फोम का छिड़काव

प्रशासन के अनुसार, सुरक्षा के मद्देनजर एक अतिरिक्त फोम फायर ब्रिगेड भी मौके पर तैनात की गई है। टैंकर पर दोबारा फोम का छिड़काव किया जाएगा, ताकि आग दोबारा भड़कने की कोई संभावना न रहे। इसके बाद टैंकर को सड़क से हटाकर हाईवे के दूसरे हिस्से पर भी यातायात सामान्य किया जाएगा।

प्रशासन की अपील

फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घटना स्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं और सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करें। समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित रखा जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *