छिंदवाड़ा में मेहंदी से लिखा सुसाइड नोट बना जांच का आधार, पुलिस ने कराई वीडियोग्राफी

छिंदवाड़ा। जिले के चौरई थाना क्षेत्र के चन्हियाखुर्द गांव में जहर पीने वाली 32 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला के हाथ और पैरों पर मेहंदी से लिखा गया सुसाइड नोट अब पुलिस जांच का महत्वपूर्ण आधार बन गया है। प्रारंभिक जांच में इसमें प्रताड़ना का उल्लेख होने की बात सामने आई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

जहर पीने के बाद अस्पताल में हुई थी भर्ती

पुलिस के अनुसार, चन्हियाखुर्द निवासी प्रीति वर्मा ने शुक्रवार को कथित तौर पर जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया था। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार को उनकी मौत हो गई।

मायके पक्ष ने लगाए प्रताड़ना के आरोप

मृतका के भाई हरिओम जंघेला का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान प्रीति ने बताया था कि ससुराल पक्ष ने उसके साथ मारपीट की थी। वहीं, मृतका की मां राजकुमारी जंघेला का आरोप है कि उनका दामाद शराब पीने का आदी था और विरोध करने पर उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था। मायके पक्ष ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मेहंदी से लिखा सुसाइड नोट बना अहम साक्ष्य

पुलिस ने महिला के हाथ और पैरों पर लिखे सुसाइड नोट की वीडियोग्राफी कराई है। जांच अधिकारी अब सुसाइड नोट, घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रहे हैं।

पीएम के बाद मर्ग डायरी चौरई थाने भेजी जाएगी

कोतवाली थाना प्रभारी आशीष धुर्वे ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मर्ग डायरी अग्रिम कार्रवाई के लिए चौरई थाने भेजी जाएगी। जिला अस्पताल में दो डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम किया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: हाथ-पैर पर मेहंदी से लिखी आखिरी दास्तां… जहर पीकर महिला ने दी जान, जांच में जुटी पुलिस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *