भोपाल/दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के चयन को लेकर उपजे विवाद के बाद पार्टी नेतृत्व लगातार हालात सामान्य करने की कोशिश कर रहा है। पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने के बाद समर्थकों के विरोध प्रदर्शन और हिंसक घटनाओं के बीच अब वरिष्ठ नेताओं ने संगठन की एकजुटता का संदेश दिया है।
डिप्टी CM बोले- बड़े परिवार में छोटी-मोटी बातें होती रहती हैं
दतिया पहुंचे मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि “बड़े परिवार में छोटी-मोटी बातें होती रहती हैं।” उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा पूरी तरह एकजुट है और पार्टी नेतृत्व के निर्णय का सभी सम्मान करेंगे। उन्होंने डॉ. नरोत्तम मिश्रा के योगदान की भी सराहना करते हुए भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की जीत का विश्वास जताया।
कैलाश विजयवर्गीय ने प्रत्याशी बदलने की अटकलें खारिज कीं
प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दतिया में उम्मीदवार बदले जाने की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिस प्रत्याशी को अधिकृत किया है, वही चुनाव लड़ेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा में लोकतांत्रिक व्यवस्था है और कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान किया जाता है।
नरोत्तम मिश्रा ने भी जताया पार्टी पर भरोसा
विवाद के बीच पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भी सार्वजनिक रूप से कहा कि “पार्टी मुझसे बड़ी है” और उन्होंने भाजपा के अधिकृत उम्मीदवार के समर्थन में चुनाव प्रचार करने की बात कही। इसे पार्टी के भीतर मतभेद कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
टिकट घोषित होने के बाद हुआ था विरोध
भाजपा द्वारा आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया था। दतिया में राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम, पथराव और पुलिस के साथ झड़प की घटनाएं भी सामने आईं। पुलिस ने मामले में कई नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।