महासमुंद से दिल्ली तक तलाश, आखिरकार यहां मिले
सतना। गांजा तस्करी और चोरी के अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे तीन आरोपियों को रविवार को दो राज्यों की पुलिस ने सतना से गिरफ्तार कर लिया। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले की पुलिस और दिल्ली पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए आरोपी लंबे समय से सतना में पहचान छिपाकर रह रहे थे।
छत्तीसगढ़ पुलिस ने गांजा तस्करी के दो आरोपी पकड़े
सीएसपी डीपी सिंह चौहान के अनुसार, महासमुंद जिले के कोमाखान थाना पुलिस ने वर्ष 2024 में 240 किलोग्राम गांजा बरामदगी के मामले में फरार चल रहे रवि साहू, निवासी टिकुरिया टोला, सतना को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पहले गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान रवि का नाम सामने आया था, लेकिन वह फरार हो गया था। लगभग दो वर्ष बाद मिली सूचना के आधार पर एसआई चैन सिंह राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कोलगवां थाना पुलिस की मदद से उसे पकड़ लिया।
215 किलो गांजा मामले का आरोपी भी दबोचा
महासमुंद जिले के बसना थाना में दर्ज 215 किलोग्राम गांजा तस्करी के मामले में फरार किशन उर्फ अशोक सिंह वाडिया (27) को भी सतना से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी उड़ीसा से गांजा मंगाने के मामले में वांछित था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अपने साथियों के साथ रबर और प्लास्टिक के ड्रम बेचने का काम कर रहा था। कार्रवाई के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस दोनों आरोपियों को महासमुंद ले गई।
दिल्ली पुलिस ने चोरी के मामले में आरोपी को पकड़ा
वहीं, दिल्ली पुलिस की टीम ने कोलगवां थाना क्षेत्र के टिकुरिया टोला में दबिश देकर ऑरेंज वर्मा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी दिल्ली में एक चोरी के मामले में वांछित था। जांच के दौरान साइबर टीम से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने पहले चोरी का लैपटॉप बरामद किया। पूछताछ में आरोपी का नाम सामने आने के बाद उसे उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया गया।
सतना में भी दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार, ऑरेंज वर्मा के खिलाफ सतना जिले के विभिन्न थानों में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दिल्ली पुलिस आरोपी को अपने साथ लेकर रवाना हो गई।