सतना। चित्रकूट उपवन मंडल के मझगवां वन परिक्षेत्र में बाघों की बढ़ती गतिविधियों के बीच एक बार फिर टाइगर अटैक की घटना सामने आई है। डेंगरहट फॉरेस्ट बैरियर के पास बाइक से जा रहे 22 वर्षीय युवक पर झाड़ियों में छिपे बाघ ने अचानक हमला कर दिया। युवक समय रहते पीछे हट गया, जिससे उसकी जान बच गई। घटना के बाद वन विभाग ने पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है।
बाथरूम के लिए रुका, तभी बाघ ने कर दिया हमला
जानकारी के अनुसार, राजा पुत्र उमेश कोल (22) अपने एक दोस्त के साथ बाइक से जा रहा था। डेंगरहट स्थित फॉरेस्ट बैरियर के पास वह बाथरूम के लिए रुका। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे बाघ ने अचानक उस पर हमला बोल दिया।
नाखून पेट को छूकर निकला, बाइक से टकराया बाघ
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, राजा ने समय रहते पीछे हटकर खुद को बचा लिया। इस दौरान बाघ का नाखून उसके पेट को छूते हुए निकल गया। हमले के दौरान संतुलन बिगड़ने से बाघ बाइक से टकरा गया और फिर घबराकर वापस जंगल की ओर भाग गया।
हमले के बाद युवक हो गया बेहोश
घटना के बाद राजा बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसके साथ मौजूद दोस्त ने किसी तरह उसे फॉरेस्ट बैरियर तक पहुंचाया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई और युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
वन विभाग ने बढ़ाई पेट्रोलिंग
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने जंगल से लगे इलाकों में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों व राहगीरों से सतर्क रहने की अपील की है।
लगातार बढ़ रही हैं बाघों की गतिविधियां
चित्रकूट उपवन मंडल के मझगवां वन परिक्षेत्र में पिछले कुछ समय से बाघों की गतिविधियां लगातार बढ़ी हैं। वन विभाग समय-समय पर ग्रामीणों और जंगल से गुजरने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह देता रहा है। इसके बावजूद लोग कई बार चेतावनियों को नजरअंदाज कर जंगल के संवेदनशील इलाकों में चले जाते हैं।