छिंदवाड़ा। शहर के इमलीखेड़ा चौक के पास स्थित दो कवर्ड कैम्पस में सोमवार रात नकाबपोश अर्धनग्न चोर गिरोह ने जमकर उत्पात मचाया। शिव आदित्य रेसीडेंसी में बदमाशों ने तीन सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया, जबकि हवाईपट्टी स्थित इंप्रेस पार्क में रहवासियों की सतर्कता के चलते बड़ी चोरी टल गई। दोनों घटनाओं की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं और पुलिस से शिकायत की गई है।
शिव आदित्य रेसीडेंसी में 15 मिनट में साफ किया घर
सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, मंगलवार तड़के करीब 5 बजे एक अर्धनग्न युवक कॉलोनी में दाखिल हुआ और एक सूने मकान की रेकी की। इसके बाद उसने अपने तीन साथियों को बुलाया। चारों बदमाशों ने मिलकर जे-9 मकान का ताला तोड़ा, अलमारी और तिजोरी खंगाली तथा करीब 15 मिनट के भीतर चोरी कर फरार हो गए। इसी दौरान कॉलोनी के दो अन्य मकानों के ताले भी टूटे मिले।
चेहरे ढके, हाथों में दस्ताने
सीसीटीवी फुटेज में चारों आरोपी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं, लेकिन सभी ने चेहरे को कपड़े से ढक रखा था। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने पहचान छिपाने के लिए हाथों में दस्ताने भी पहन रखे थे, ताकि कोई फिंगरप्रिंट न मिले।
इंप्रेस पार्क में रहवासियों की सतर्कता से टली चोरी
दूसरी घटना हवाईपट्टी स्थित इंप्रेस पार्क की है। सोमवार देर रात करीब 1:33 बजे 5 से 6 नकाबपोश बदमाश कॉलोनी की सड़कों पर घूमते हुए चोरी की फिराक में थे। आरोपियों ने एक मकान में घुसने और एक वाहन चुराने की कोशिश की, लेकिन रहवासियों को आहट मिलते ही वे मौके से भाग निकले।
पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग
दोनों घटनाओं के बाद कॉलोनी के रहवासियों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए रात्रि गश्त बढ़ाई जाए और कवर्ड कैम्पस की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।
गश्त पर उठे सवाल
लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने शहर में पुलिस गश्त की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाश अब सीसीटीवी से बचने के लिए चेहरे पर नकाब और हाथों में दस्ताने पहनकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को भी तकनीकी निगरानी और रात्रि गश्त को और मजबूत करना होगा।