रोजगार की तलाश में हैदराबाद गया सतना का एक परिवार गैस लीकेज से हुए हादसे का शिकार हो गया। छह दिन तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद मां और बेटी ने दम तोड़ दिया, जबकि पिता और बेटा अब भी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
हैदराबाद में हुआ दर्दनाक हादसा
मध्य प्रदेश के सतना जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के हिनौती गांव का एक परिवार हैदराबाद में हुए दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। गैस लीकेज से लगी आग में परिवार के चारों सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में रानी साकेत (38) और उनकी 17 वर्षीय बेटी निधि साकेत की मौत हो गई, जबकि शिवप्रसाद साकेत (40) और 15 वर्षीय पुत्र शेरबहादुर साकेत की हालत गंभीर बनी हुई है।
चाय बनाते समय भड़की आग
पुलिस के अनुसार, परिवार पिछले कई वर्षों से हैदराबाद में मजदूरी कर रहा था। 9 जुलाई की सुबह करीब 5 बजे रसोई में चाय बनाते समय गैस लीकेज हो गया। देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया और परिवार के चारों सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए।
छह दिन इलाज के बाद सतना लाया जा रहा था
हादसे के बाद चारों का हैदराबाद के अस्पताल में इलाज चल रहा था। करीब छह दिन बाद उनकी हालत में कुछ सुधार होने पर उन्हें एंबुलेंस से सतना लाया जा रहा था। लेकिन रास्ते में रानी साकेत और निधि साकेत की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
जिला अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
बताया गया कि जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही मां और बेटी ने रास्ते में दम तोड़ दिया। दोनों के शव जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाए गए हैं। उनका पोस्टमार्टम गुरुवार सुबह कराया जाएगा।
पिता-पुत्र की हालत गंभीर
घटना में गंभीर रूप से झुलसे शिवप्रसाद साकेत और उनके बेटे शेरबहादुर का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। दोनों को गहन चिकित्सा कक्ष (ICU) में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।