रीवा पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से 1052 शीशी कोडिन युक्त कफ सिरप जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने शनिवार देर रात करहिया मार्ग पर घेराबंदी की। इस दौरान एक लग्जरी कार की तलाशी लेने पर उसमें प्लास्टिक की बोरियों में छिपाकर रखी गई 1052 शीशी कोडिन युक्त नशीली कफ सिरप बरामद हुई।
एक आरोपी गिरफ्तार, सतना का रहने वाला
पुलिस ने मौके से उपेंद्र द्विवेदी (24) को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से सतना जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के ग्राम देवमऊ दलदल का निवासी है और वर्तमान में रीवा के करहिया मंडी क्षेत्र में रह रहा था।
पूछताछ में प्रयागराज से लाने की बात कबूली
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि नशीली कफ सिरप की खेप उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से लाई गई थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप किसके लिए लाई जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
2.11 लाख रुपये से अधिक की जब्ती
पुलिस के अनुसार, जब्त की गई 1052 शीशी नशीली कफ सिरप की अनुमानित कीमत 2,11,978 रुपए है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट तथा मध्य प्रदेश ड्रग कंट्रोल अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
कॉल डिटेल से खुलेगा तस्करी का नेटवर्क
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी के मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर नशीली कफ सिरप की तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।