रीवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से आठ सील पैक पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस इस नेटवर्क के इंदौर कनेक्शन की भी जांच कर रही है।
आईजी की सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रीवा रेंज के आईजी गौरव राजपूत को मिली खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों की खेप बरामद की। एसपी डॉ. गुरकरन सिंह के निर्देशन में चोरहटा थाना पुलिस, सिविल लाइन थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
इस कार्रवाई में सीएसपी ऋतु उपाध्याय, चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला, सिविल लाइन थाना प्रभारी विजय सिंह और साइबर सेल प्रभारी मृगेंद्र सिंह की टीम शामिल रही।
8 सील पैक पिस्टल और कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 सील पैक पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में यह विंध्य क्षेत्र में हाल के समय की बड़ी हथियार बरामदगी मानी जा रही है।
इंदौर से जुड़े नेटवर्क की जांच
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अवैध हथियारों की सप्लाई का नेटवर्क इंदौर से संचालित होने की आशंका है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश
चोरहटा थाना पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है। रीवा पुलिस हाल के दिनों में ‘प्रहार’ अभियान के तहत नशे और संगठित अपराध के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।