मध्य प्रदेश के रीवा जिले में पुलिस विभाग की छवि को झटका देने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अमहिया थाने में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक कथित तौर पर नशे की हालत में अभद्र भाषा बोलते और खुद को ‘पुलिस लाइन रीवा का गुंडा’ बताते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो के आधार पर एसपी गुरुकरण सिंह ने प्रधान आरक्षक को सस्पेण्ड कर दिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पुलिस लाइन में पदस्थ प्रधान आरक्षक अच्छेलाल सिंह कथित तौर पर नशे की हालत में नजर आ रहे हैं। वीडियो में वे खुद कहते सुनाई देते हैं कि उन्होंने ‘दो पौवा’ शराब पी है। साथ ही वे बार-बार अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहते हैं, ‘मैं पुलिस लाइन रीवा का गुंडा हूं’ और ‘मेरा नाम मेजर लाठी है।’ वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
‘नशे से दूरी’ अभियान पर उठे सवाल
यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब मध्य प्रदेश पुलिस नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चला रही है। ऐसे में ड्यूटी के दौरान वर्दीधारी पुलिसकर्मी के कथित रूप से नशे में दिखाई देने से विभाग की छवि पर सवाल खड़े हो रहे हैं।