मणिपुर में फिर हिंसा: 3 नागरिकों की हत्या; कई घरों को लगाई आग

इंफाल। मणिपुर में एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है। राज्य के कांगपोकपी जिले के लोइबोल खुल्लेन (Loibol Khullen) गांव में शुक्रवार तड़के हुए संदिग्ध उग्रवादी हमले में पति-पत्नी समेत तीन नागरिकों की मौत हो गई। हमलावरों ने कई घरों को भी आग के हवाले कर दिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

कुकी संगठनों के अनुसार, हमला सुबह करीब 4 बजे हुआ। हमलावरों ने गांव पर अंधाधुंध फायरिंग की और बाद में कई मकानों में आग लगा दी। घटना में लेटखोंगम हाओकिप, उनकी पत्नी टिनमैरी हाओकिप और जांगमिनलाल हाओकिप की मौत हो गई। हमले में सात घरों के जलने और अन्य संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।

घटना के बाद कुकी समुदाय के शीर्ष संगठन Kuki Inpi Manipur (KIM) ने हमले की कड़ी निंदा की है। संगठन ने इसे निहत्थे नागरिकों पर किया गया “बर्बर हमला” बताते हुए केंद्र सरकार और सुरक्षा एजेंसियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

कुकी संगठनों ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और संवेदनशील गांवों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि निर्दोष नागरिकों की हत्या और घरों को जलाया जाना मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है।

हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। वहीं, इस हमले ने एक बार फिर मणिपुर में जारी जातीय तनाव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *