लेबर रूम में ‘बिन बुलाया मेहमान’! आधी रात प्रसव कक्ष में पहुंचा अजगर का बच्चा, मच गई अफरा-तफरी

सतना। जिला अस्पताल के लेबर रूम में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रसव कक्ष के भीतर अजगर का एक बच्चा रेंगता हुआ दिखाई दिया। जहां सामान्य प्रसव कराए जाते हैं, उसी लेबर रूम में सांप के पहुंचने से नर्सिंग स्टाफ, प्रसूताओं और उनके परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि कर्मचारियों ने समय रहते उसे सुरक्षित पकड़कर बाहर निकाल लिया, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, रात करीब एक बजे लेबर रूम में मौजूद एक परिजन की नजर लेबर टेबलों के बीच रेंग रहे एक जीव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर वह अजगर का बच्चा निकला। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ और अस्पताल कर्मचारियों ने तत्काल मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षित स्थान पर किया।

घटना की सूचना सफाई सुपरवाइजर को दी गई, जिसके बाद पहुंचे सफाई कर्मचारी ने काफी मशक्कत के बाद अजगर के बच्चे का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे अस्पताल परिसर से बाहर छोड़ दिया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, लेबर रूम से लगे वॉशरूम की खिड़की के बाहर झाड़ियां और कचरा जमा है। माना जा रहा है कि अजगर का बच्चा उसी रास्ते से वार्ड के अंदर पहुंचा होगा। घटना के बाद अस्पताल परिसर की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर में नियमित सफाई और झाड़ियों की कटाई जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *