22 साल की उम्र में अमेरिका गए, करोड़ों कमाने निकले… लेकिन सिर पर चढ़ गया ₹8.4 करोड़ का कर्ज!

नई दिल्ली। अमेरिका में बेहतर जीवन और आर्थिक आजादी का सपना देखने वाले एक NRI दंपति की कहानी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। इंस्टाग्राम अकाउंट @moneyharmony123 चलाने वाले इस कपल ने खुलासा किया कि उन्हें लंबे समय तक यह एहसास ही नहीं हुआ कि उनके ऊपर कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है। जब उन्होंने अपने वित्तीय हालात का पूरा आकलन किया तो पता चला कि उन पर करीब 8.5 लाख डॉलर (लगभग ₹8.4 करोड़) का कर्ज हो चुका है।

दंपति ने बताया कि अमेरिका पहुंचने के बाद उन्होंने घर खरीदा, निवेश के लिए दूसरी प्रॉपर्टी ली और घर के नवीनीकरण समेत कई बड़े खर्च किए। उस समय ये फैसले सामान्य लगे, लेकिन समय के साथ होम लोन, निवेश ऋण और अन्य देनदारियां बढ़ती चली गईं। परिणाम यह हुआ कि कुल कर्ज करोड़ों रुपये तक पहुंच गया।

‘ऑटोपायलट मोड’ में बढ़ता गया कर्ज

कपल का कहना है कि वे अपनी आय और खर्चों को लेकर गंभीर समीक्षा नहीं कर रहे थे। रोजमर्रा की व्यस्त जिंदगी में उन्हें लगा कि सब कुछ नियंत्रण में है, लेकिन वास्तविक स्थिति तब सामने आई जब उन्होंने अपनी कुल देनदारियों का हिसाब लगाया। इसके बाद उन्हें महसूस हुआ कि वे एक बड़े कर्ज जाल में फंस चुके हैं।

अब 1200 दिनों में कर्ज खत्म करने का लक्ष्य

स्थिति की गंभीरता समझने के बाद दंपति ने अपनी वित्तीय आदतों में बड़ा बदलाव करने का फैसला किया है। उन्होंने खर्चों में कटौती, बजट प्लानिंग और अतिरिक्त आय के जरिए अगले 1200 दिनों में पूरा कर्ज चुकाने का लक्ष्य तय किया है।

सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या कहा?

दंपति की कहानी वायरल होने के बाद कई लोगों ने इसे ‘अमेरिकन ड्रीम की असली कीमत’ बताया। वहीं वित्तीय विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ती आय के साथ खर्च और कर्ज का स्तर भी बढ़ता है, इसलिए समय-समय पर अपनी वित्तीय स्थिति की समीक्षा करना बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *