गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग मामले में एक्शन, शॉर्ट एनकाउंटर के बाद दोनों मुख्य शूटर गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का आरोप

दिल्ली के पश्चिम विहार स्थित पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा से जुड़े जिम पर हुई फायरिंग मामले में दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। क्राइम ब्रांच ने एनकाउंटर ऑपरेशन के बाद इस वारदात के दोनों मुख्य शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैं और लंबे समय से उनकी तलाश की जा रही थी।

एनकाउंटर के बाद दबोचे गए आरोपी

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी अरमान (19) और तुषार उर्फ ताशू उर्फ पिंकू (21) के रूप में हुई है। दोनों को ट्रैक करने के बाद क्राइम ब्रांच ने ऑपरेशन चलाया। इस दौरान आरोपियों ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद मुठभेड़ हुई और दोनों को काबू कर लिया गया। बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

11 जून को हुई थी फायरिंग

11 जून की सुबह पश्चिम विहार स्थित 24 HS Fitness जिम के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की थी। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था, लेकिन मौके से कई खाली कारतूस बरामद हुए थे। इसके बाद मामला दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को सौंपा गया।

तकनीकी जांच से मिली सफलता

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की करीब 100 किलोमीटर तक की गतिविधियों को ट्रैक किया। जांच में चार लोगों की पहचान हुई थी, जिनमें से दो को अब गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।

रूस से लौटने के बाद बना था प्लान

जांच में सामने आया कि आरोपी तुषार वर्ष 2023 में स्टडी वीजा पर रूस गया था और हाल ही में भारत लौटा था। लौटने के बाद वह अन्य आरोपियों के संपर्क में आया और फायरिंग की साजिश को अंजाम दिया गया। पुलिस इस पूरे नेटवर्क और गैंग के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

बिश्नोई गैंग ने ली थी जिम्मेदारी

फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से एक पोस्ट सामने आई थी, जिसमें इस हमले की जिम्मेदारी ली गई थी। पोस्ट में गुरु रंधावा और अभिनेता सलमान खान का भी जिक्र किया गया था। हालांकि, पुलिस ने कहा था कि पोस्ट की सत्यता की भी अलग से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *