मैहर में जमीन विवाद पर खूनी संघर्ष, 14 घायल; अस्पताल में जमीन पर हुआ इलाज

मैहर। जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र के ग्राम कहरी में बुधवार रात जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुराने जमीनी विवाद में पानी भरने की बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस घटना में दोनों पक्षों की 7 महिलाओं समेत कुल 14 लोग घायल हो गए।

घटना के बाद सभी घायल लहूलुहान हालत में अमरपाटन थाने पहुंचे। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विजय सिंह पारस्ते ने तत्काल सभी घायलों को सिविल अस्पताल भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया।

पुराने जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप

पुलिस के अनुसार, कहरी गांव के बंसल समाज के दो परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार रात विवादित जमीन में पानी भरने को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई। कुछ ही देर में मामला गाली-गलौज से मारपीट तक पहुंच गया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोगों ने धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किया।

अस्पताल में सामने आई बदहाल व्यवस्था

घटना में घायल सभी 14 लोगों को अमरपाटन सिविल अस्पताल लाया गया। यहां बेड की कमी के कारण कई घायलों का इलाज जमीन पर लिटाकर करना पड़ा। दर्द से कराहते मरीजों को फर्श पर इंजेक्शन लगाए गए और प्राथमिक उपचार दिया गया। गंभीर घायलों की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने सभी को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया।

दोनों पक्षों के लोग घायल

मारपीट में एक पक्ष से सरिता बंसल, जितेंद्र, फूलचंद, साक्षी, आरती और प्रिया बंसल घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से समीर, बड्डी, सोमबाई, सुरेश, पार्वती, रमेश, मुकेश और तिजियाबाई बंसल को चोटें आई हैं। पुलिस सभी घायलों के मेडिकल परीक्षण और बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह पारस्ते ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद था। पानी भरने की बात पर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घायलों के बयान दर्ज होने के बाद आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *