ढाबे में घुसे बदमाशों का तांडव, CCTV में कैद हुई वारदात

मध्य प्रदेश के सतना शहर में रविवार रात एक ढाबे पर दबंगों के तांडव का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित आशीर्वाद ढाबा में दर्जनभर से अधिक युवक घुस आए और जमकर तोड़फोड़ की। आरोप है कि बदमाशों ने पहले शराब पीने के लिए 5 हजार रुपये मांगे और विरोध करने पर कर्मचारी की बेरहमी से पिटाई कर दी। पूरी घटना ढाबे में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

शराब के लिए मांगे 5 हजार रुपये

पुलिस को दी शिकायत में ढाबे के कर्मचारी पुष्पराज दहिया ने बताया कि रात करीब 9 बजे यश सिंह, कार्तिक सिंह और अरविंद सिंह उर्फ छोटू ढाबे पर पहुंचे। तीनों ने कथित तौर पर शराब पीने के लिए 5 हजार रुपये मांगे। जब कर्मचारियों ने रुपये देने से इनकार किया तो उन्होंने अपने अन्य साथियों को बुला लिया।

लाठी-डंडों से हमला, हाथ-पैर में फ्रैक्चर

शिकायत के मुताबिक, कुछ ही देर में करीब दर्जनभर युवक ढाबे पर पहुंच गए और लाठी-डंडों व मुक्कों से हमला कर दिया। मारपीट में कर्मचारी पुष्पराज दहिया गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं और फ्रैक्चर होने की भी बात सामने आई है।

तोड़फोड़ के बाद नकदी और मोबाइल ले गए

आरोप है कि हमलावरों ने ढाबे में रखी कुर्सियां और अन्य सामान तोड़ दिया। जाते समय वे टेक्नो कंपनी का मोबाइल फोन और करीब 5 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गए। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

CCTV फुटेज के आधार पर जांच

घटना की सूचना ढाबा संचालक एवं लोहरौरा ग्राम पंचायत के प्रधान विकल्प सिंह को दी गई, जिसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *