रीवा। नशे का कारोबार करने वालों की चालाकियां दिन-ब-दिन बदल रही हैं। कोई बैग में तो कोई वाहन में माल छिपाता है, लेकिन रीवा में एक युवक ने पुलिस से बचने के लिए पानी के डिब्बे को ही ‘चलती-फिरती दुकान’ बना लिया। हालांकि उसकी यह तरकीब ज्यादा देर तक नहीं चली और पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ लिया।
पानी का डिब्बा खोला तो निकलीं 16 शीशियां
अमहिया थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि नरेंद्र नगर इलाके में एक युवक पानी के डिब्बे में नशीली कोरेक्स कफ सिरप रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम पुलिया के पास पहुंची।
पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन जवानों ने कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद पानी के डिब्बे से 16 शीशियां नशीली कफ सिरप बरामद हुईं।
आरोपी गिरफ्तार, मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी की पहचान मयंक मिश्रा उर्फ अमन गौतम (24), निवासी सुंदर नगर, बोदाबाग, थाना विश्वविद्यालय, जिला रीवा के रूप में की है। उसके खिलाफ एनडीपीएस और संबंधित प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि वह यह नशीली सिरप कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था।