छिंदवाड़ा। जिले के परासिया थाना क्षेत्र के एक गांव में पड़ोसी युवक पर महिला के बाथरूम की वीडियो रिकॉर्डिंग करने का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार का कहना है कि पहले शिकायत के बाद युवक ने माफी मांगी थी और दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। लेकिन अब दोबारा ऐसी ही हरकत होने का आरोप लगाते हुए परिवार फिर पुलिस के पास पहुंचा है।
पति ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़ित महिला के पति, जो पेशे से ड्राइवर हैं, का आरोप है कि उनकी गैरमौजूदगी में पड़ोस में रहने वाला करीब 20 वर्षीय युवक कई बार उनके घर की गतिविधियों की रिकॉर्डिंग करने की कोशिश कर चुका है। हाल ही में कथित तौर पर युवक बाथरूम के पास कैमरा लगाते हुए दिखाई दिया। आहट मिलने पर महिला ने उसे देख लिया, जिसके बाद वह मौके से भाग गया।
पहले हुआ था समझौता
परिवार के अनुसार, 17 जून को इस मामले की शिकायत थाने में की गई थी। उस समय आरोपी पक्ष द्वारा माफी मांगने के बाद दोनों परिवारों के बीच समझौता हो गया था। लेकिन पीड़ित परिवार का आरोप है कि युवक ने फिर वही हरकत दोहराई, जिसके बाद उन्होंने दोबारा थाने में शिकायत दी है।
CM हेल्पलाइन में भी दर्ज कराई शिकायत
पीड़ित परिवार ने पुलिस कार्रवाई की मांग करते हुए CM हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।