सिवनी। मध्य प्रदेश के पेंच टाइगर रिजर्व से वन्यजीव प्रेमियों के लिए खुश करने वाली खबर सामने आई है। रिजर्व के बफर क्षेत्र की बाघिन ‘जुगनी’ गुरुवार देर रात खवासा-टुरिया मार्ग पर अपने चार शावकों के साथ सड़क पार करती नजर आई।
उसी दौरान गश्त पर निकली वन विभाग की टीम की नजर बाघिन और उसके शावकों पर पड़ी। टीम ने इस दुर्लभ और रोमांचक पल की तस्वीरें तथा वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिए।
वन विभाग के अनुसार, बाघिन और उसके चारों शावक पूरी तरह स्वस्थ दिखाई दिए। कुछ देर तक सड़क किनारे रुकने के बाद सभी सुरक्षित जंगल की ओर चले गए। घटना के बाद क्षेत्र में वाहन चालकों से सतर्कता बरतने और वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील भी की गई है।
पेंच टाइगर रिजर्व में बाघों की बढ़ती संख्या और सफल प्रजनन को संरक्षण प्रयासों की सकारात्मक उपलब्धि माना जा रहा है। चार शावकों के साथ बाघिन का दिखाई देना वन विभाग के लिए भी उत्साहजनक संकेत माना जा रहा है।