मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र के खरामसेड़ा गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना उस समय हुई जब गांव के एक कुएं में गिरे बैल को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही थी।
एक-एक कर उतरते गए ग्रामीण
जानकारी के अनुसार, कुएं में गिरे बैल को निकालने के लिए सबसे पहले एक ग्रामीण नीचे उतरा। कुछ ही देर में वह अचेत होकर गिर पड़ा। उसे बचाने के लिए दूसरा ग्रामीण कुएं में उतरा, लेकिन वह भी बेसुध हो गया।
इसके बाद तीसरा और चौथा व्यक्ति भी बचाव के लिए कुएं में उतरे। ग्रामीणों की मदद से चौथे व्यक्ति को रस्सी के सहारे बाहर निकाल लिया गया और गंभीर हालत में सिविल अस्पताल अमरपाटन भेजा गया। वहीं तीन अन्य लोगों को अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी की आशंका
प्रशासन की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कुएं के भीतर जहरीली गैस जमा होने या ऑक्सीजन की कमी के कारण ग्रामीणों का दम घुट गया। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मौके पर पहुंचा प्रशासन
घटना की सूचना मिलते ही अमरपाटन थाना पुलिस, एसडीओपी ख्याति मिश्रा और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी पुराने या गहरे कुएं में बिना सुरक्षा उपकरण और विशेषज्ञों की सहायता के नीचे न उतरें, क्योंकि ऐसे स्थानों पर ऑक्सीजन की कमी या जहरीली गैस जानलेवा साबित हो सकती है।