स्कूल के पास हैंडपंप पर नहाने के दौरान हादसा
पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र के पिपराही छतेनी गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल के पास लगे हैंडपंप पर नहाने के दौरान एक मासूम बिजली के करंट की चपेट में आ गया। बेटे को बचाने पहुंचे पिता भी करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गए। जानकारी के अनुसार, किसान छंगू पाल अपने बेटे आशीष के साथ गांव के स्कूल के पास स्थित हैंडपंप पर नहाने गए थे। इसी दौरान खेल रहे आशीष का हाथ पास से गुजर रहे बिजली के खंभे से लटक रहे करंट प्रवाहित तार से छू गया, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया।
बेटे को बचाने में पिता भी झुलसे
बेटे को तड़पता देख छंगू पाल तुरंत उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन उसे छुड़ाने के प्रयास में वे भी बिजली के तेज करंट की चपेट में आ गए। दोनों को करंट लगते देख मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए सुरक्षित तरीके से बिजली के संपर्क से अलग किया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजयगढ़ पहुंचाया।
पिता की हालत नाजुक, जिला अस्पताल रेफर
अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। हादसे में छंगू पाल के हाथ और कमर गंभीर रूप से झुलस गए। उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय पन्ना रेफर कर दिया गया। वहीं बेटे आशीष का भी इलाज जारी है।
फिलहाल घटना को लेकर स्थानीय प्रशासन और बिजली विभाग की ओर से भी जानकारी जुटाई जा रही है।