‘साहब, मैंने पत्नी को मार डाला…’ थाने पहुंचकर पति का कुबूलनामा

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। आदेगांव थाना क्षेत्र के बोरिया गांव में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार नहीं हुआ, बल्कि पूरी रात शव के पास बैठा रहा। अगले दिन वह खुद थाने पहुंचा और पुलिस को हत्या की जानकारी देते हुए आत्मसमर्पण कर दिया।

चरित्र शंका को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, आरोपी संतराम मरकाम (45) और उसकी पत्नी कमला मरकाम (40) के बीच 2 और 3 जुलाई की दरमियानी रात चरित्र शंका को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर संतराम ने कुल्हाड़ी से पत्नी की गर्दन के पीछे वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से कमला की मौके पर ही मौत हो गई।

रातभर शव के पास बैठा रहा आरोपी

हत्या के बाद संतराम ने पत्नी के शव पर चादर डाल दी और पूरी रात वहीं बैठा रहा। शुक्रवार सुबह वह खुद आदेगांव थाने पहुंचा और थाना प्रभारी से कहा कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। आरोपी की सूचना पर पुलिस उसके साथ घटनास्थल पहुंची, जहां घर के अंदर कमला का शव मिला।

मजदूरी के लिए अलग-अलग राज्यों में रहते थे दोनों

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कमला मजदूरी के लिए अक्सर नागपुर जाया करती थी, जबकि संतराम हरियाणा में काम करता था। पुलिस के मुताबिक, पत्नी के बार-बार नागपुर जाने को लेकर आरोपी उसके चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी संतराम मरकाम को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *