मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गोहपारू थाना क्षेत्र में लापता भैंस की तलाश में निकले किसान की भालू के हमले में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शाम के धुंधलके में किसान ने काले रंग के जंगली जानवर को अपनी भैंस समझ लिया और उसके करीब पहुंच गया। कुछ ही पल में उसे एहसास हुआ कि वह भालू है, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
भैंस की तलाश में सोन नदी किनारे पहुंचा था किसान
जानकारी के अनुसार, गोहपारू थाना क्षेत्र के महरोई गांव निवासी सोनसाय गोंड की भैंस दो दिन से लापता थी। उसकी तलाश में वह लाठी लेकर खनौधी वन परिक्षेत्र के मुर्गा महरोई गांव के पास सोन नदी तट की ओर पहुंचा।
इसी दौरान अंधेरा होने लगा था। दूर खड़े एक काले जानवर को उसने अपनी भैंस समझा और उसके पास चला गया।
पास पहुंचते ही भालू ने कर दिया हमला
जैसे ही किसान नजदीक पहुंचा, वह जंगली भालू निकला। जान बचाने के लिए किसान ने लाठी से बचाव करने की कोशिश की, लेकिन भालू ने उसके सिर पर कई गंभीर वार कर दिए। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे वन विभाग और पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग और गोहपारू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वन विभाग भी हमले के कारणों और क्षेत्र में भालू की गतिविधियों की जानकारी जुटा रहा है।
गांव में दहशत, लोगों से सतर्क रहने की अपील
घटना के बाद महरोई और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों की निगरानी करने की मांग की है। वन अमला ने लोगों से शाम और रात के समय जंगल तथा नदी किनारे अकेले नहीं जाने और किसी भी जंगली जानवर के दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।