सतना जिला अधिवक्ता संघ की नई कार्यकारिणी का चुनाव परिणाम शनिवार शाम घोषित कर दिया गया। सुबह 10 बजे शुरू हुई मतगणना तीन चरणों में हुई और करीब साढ़े छह बजे परिणाम सामने आए। चुनाव में सुनील शर्मा अध्यक्ष निर्वाचित हुए। इसके अलावा के.के. पयासी उपाध्यक्ष, दिनेश शुक्ला सचिव, यशवर्धन द्विवेदी सह सचिव, वर्षा मिश्रा कोषाध्यक्ष और आशीष शर्मा ग्रंथपाल चुने गए।
यह होगी पहली प्राथमिकता
अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज करने के बाद सुनील शर्मा ने कहा कि अधिवक्ताओं का आत्मसम्मान और सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी अधिवक्ताओं के लिए बेहतर बैठक व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम करेगी।
पहले राउंड से बनाए रखी बढ़त
अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में सुनील शर्मा ने पहले ही राउंड से बढ़त बना ली थी। तीनों चरणों की मतगणना पूरी होने के बाद उन्होंने 123 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। कुल 1,552 मतों में से उन्हें 428 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रदीप कुमार पांडेय को 305 मत प्राप्त हुए। अध्यक्ष पद के लिए कुल आठ उम्मीदवार मैदान में थे। तीसरे स्थान पर राजबहादुर सिंह रहे, जिन्हें 194 वोट मिले। इसके अलावा रमेश कुमार पाठक को 186, रत्नेश श्रीवास्तव को 175, पुष्पराज सिंह को 133, अमृतलाल शुक्ला को 121 और ददन सिंह परिहार को 5 वोट मिले। निर्वाचन अधिकारी ने पांच मत निरस्त कर दिए।

अन्य पदों पर ये उम्मीदवार रहे विजयी
उपाध्यक्ष पद पर के.के. पयासी ने 417 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी अरुण सिंह को 367 वोट मिले।
सचिव पद पर दिनेश शुक्ला ने 670 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि शैलेश पांडेय को 420 वोट मिले।
सह सचिव पद पर यशवर्धन द्विवेदी को 383 और उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी मनोज त्रिपाठी को 365 मत मिले।
महिला आरक्षित कोषाध्यक्ष पद पर वर्षा मिश्रा 653 मतों के साथ विजयी रहीं। अन्नपूर्णा तिवारी को 446 वोट मिले।
ग्रंथपाल पद पर आशीष शर्मा ने 872 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि आशीष विश्वकर्मा को 266 वोट मिले। इसके अलावा पांच कार्यकारिणी सदस्य भी निर्वाचित घोषित किए गए।
यह भी पढ़ें: अधिवक्ता संघ चुनाव में मुकाबला रोचक, नाम वापसी के बाद 45 प्रत्याशी चुनावी रण में