सतना जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र से लापता हुए विपिन कुमार यादव (20) की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि हत्या की साजिश किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी आंचल यादव ने अपने कथित प्रेमी सुनील कुशवाहा के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। रामपुर बाघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी के मुताबिक 25 मार्च को सुनील कुशवाहा मृतक विपिन के घर पहुंचा था। अगले दिन वह विपिन को घूमने के बहाने रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम टीकर स्थित उसकी ससुराल ले गया। पुलिस के अनुसार वहां सुनील और उसके साथी संदीप बहरोलिया ने विपिन के साथ शराब पी। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस की जांच से बदलता रहा शव का ठिकाना
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को पहले एक कुएं में फेंक दिया। लेकिन जब पुलिस की जांच तेज हुई और पूछताछ का दबाव बढ़ा तो उन्होंने शव को कुएं से निकाल लिया। इसके बाद शव को सुनील कुशवाहा के घर से कुछ दूरी पर जमीन में गड्ढा खोदकर दफना दिया गया, ताकि किसी को हत्या की भनक न लगे। इसी दफन शव की बरामदगी ने पूरे मामले को प्रदेश की चर्चित मर्डर मिस्ट्री में बदल दिया था।
शादी के बाद भी जारी था प्रेम प्रसंग
पुलिस जांच में सामने आया कि सुनील कुशवाहा और आंचल यादव के बीच पहले से प्रेम संबंध थे। शादी के बाद भी दोनों लगातार संपर्क में थे और एक-दूसरे से मिलते रहे। जांच एजेंसियों का दावा है कि इसी रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए दोनों ने विपिन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। हत्या सतना जिले से जुड़े लापता युवक की थी, जबकि शव रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र स्थित ससुराल में दफन मिला। दोनों जिलों की पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद आखिरकार पूरी साजिश सामने आ गई। फिलहाल पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।