मैहर जिले में जमीन के पुराने विवाद ने शनिवार को ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि एक महिला की जान चली गई। खेत में शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि मारपीट के दौरान एक पक्ष ने महिला पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जबकि उसके पति को भी गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाना पड़ा। घटना मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खारा की है। शनिवार सुबह करीब 10 बजे एक दंपती अपने खेत पर पहुंचा था। इसी दौरान पड़ोसी पक्ष के साथ जमीन को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और लाठी-डंडों व हंसिया से मारपीट होने लगी। ग्रामीणों के मुताबिक कुछ ही देर में हालात बेकाबू हो गए।
महिला को ट्रैक्टर से कुचलने का आरोप
पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान एक पक्ष के युवक पर महिला को कथित रूप से ट्रैक्टर से कुचलने का आरोप है। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में महिला का पति भी गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
FSL और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों को रवाना किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह घटना हुई।पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की तलाश जारी है।