दतिया में कांग्रेस का बड़ा दांव, पूर्व विधायक घनश्याम सिंह को बनाया प्रत्याशी

दतिया विधानसभा उपचुनाव की तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो गई है। भाजपा के बाद कांग्रेस ने भी अपने प्रत्याशी का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने अनुभवी नेता और पूर्व विधायक घनश्याम सिंह पर भरोसा जताते हुए उन्हें चुनावी मैदान में उतारा है। अब दतिया में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला तय हो गया है। सूत्रों के अनुसार, मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन ने घनश्याम सिंह के नाम पर सहमति बनाकर उनका एकल नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेजा था। दिल्ली से मंजूरी मिलने के बाद शनिवार देर रात उनके नाम की आधिकारिक घोषणा कर दी गई।

दतिया से पुराना नाता, फिर लौटे चुनावी मैदान में

घनश्याम सिंह दतिया की राजनीति का जाना-पहचाना चेहरा हैं। वह पहले दतिया विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। बाद के वर्षों में उनका राजनीतिक केंद्र सेवढ़ा विधानसभा रहा, जहां से उन्होंने चुनाव लड़ा। अब लंबे अंतराल के बाद वे फिर दतिया से किस्मत आजमाएंगे।

2023 में सेवढ़ा से मिली थी हार

विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को सेवढ़ा सीट से उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद पार्टी ने इस उपचुनाव में उनके अनुभव और क्षेत्रीय प्रभाव को देखते हुए एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है।

राजघराना से है संबंध

घनश्याम सिंह का संबंध दतिया राजघराने से माना जाता है। क्षेत्र में उनकी व्यक्तिगत पहचान और लंबे राजनीतिक अनुभव को कांग्रेस इस चुनाव में अपनी ताकत के रूप में पेश कर रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा में टिकट को लेकर हुए हालिया घटनाक्रम के बीच कांग्रेस ने एक अनुभवी चेहरे को उतारकर मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।

अब सीधा मुकाबला भाजपा से

भाजपा पहले ही आशुतोष तिवारी को अपना उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। दूसरी ओर, कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को मैदान में उतारकर मुकाबले को सीधा बना दिया है। यह उपचुनाव कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद हो रहा है। मतदान 30 जुलाई को होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *