ड्रग्स जांच: नाना पटवारी से 5 घंटे पूछताछ, पैडलरों से कराया आमना-सामना

इंदौर में कथित ड्रग्स नेटवर्क की जांच के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के छोटे भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी से पुलिस ने दूसरी बार करीब पांच घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान पुलिस ने उनका कथित ड्रग्स पैडलरों से आमना-सामना भी कराया, जबकि नाना ने सभी आरोपों से इनकार किया। राजेंद्र नगर पुलिस ने शनिवार को नोटिस जारी कर नाना पटवारी को पूछताछ के लिए बुलाया। डीसीपी जोन-1 नरेंद्र सिंह रावत के अनुसार, उनसे करीब पांच घंटे तक पूछताछ की गई। पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें उनके वकील जय हार्डिया की मौजूदगी में जाने दिया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ से पहले कथित ड्रग्स पैडलर संजय कौशल उर्फ रौनी भाई और इरफान उर्फ गोलू से अलग-अलग पूछताछ की गई। इसके बाद दोनों का नाना पटवारी से आमना-सामना कराया गया।

पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपियों ने ड्रग्स सप्लाई करने की बात स्वीकार की है। वहीं नाना पटवारी ने दोनों को पहचानने की बात तो मानी, लेकिन ड्रग्स खरीदने या सेवन करने के आरोपों से साफ इनकार कर दिया।

मोबाइल की फॉरेंसिक जांच की तैयारी

पुलिस के मुता‍बिक पूछताछ से पहले नाना पटवारी के मोबाइल से चैट डिलीट की गई थीं। अधिकारियों के अनुसार, मोबाइल की सर्च हिस्ट्री में कुछ वेबसाइटों से जुड़ी जानकारी भी मिली है। अब मोबाइल के डिजिटल डेटा की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी, ताकि तकनीकी साक्ष्यों का सत्यापन किया जा सके।

युवती के बयान को लेकर भी पूछे गए सवाल

पूछताछ के दौरान पुलिस ने पलसीकर कॉलोनी निवासी एक युवती के वीडियो बयान का हवाला देते हुए नाना पटवारी से सवाल किए। पुलिस के अनुसार, युवती ने अपने बयान में ड्रग्स सेवन से जुड़े आरोप लगाए हैं। हालांकि नाना पटवारी ने इन आरोपों को भी पूरी तरह खारिज कर दिया।

भूरु के बयान के आधार पर नए नाम सामने आने का दावा

इधर, आजाद नगर से गिरफ्तार भूरु उर्फ आरिफ से पूछताछ में पुलिस को कथित तौर पर रेहान, वसीम और मुसा नाम के लोगों की जानकारी मिली है। पुलिस का दावा है कि भूरु ने यह भी कहा है कि वह पहले नाना पटवारी की गाड़ी चलाता था और उनके कहने पर ड्रग्स लाने-ले जाने का काम करता था। फिलहाल पुलिस इन दावों का सत्यापन कर रही है और संबंधित लोगों की तलाश में जुटी है।

बैंक खातों और कॉल डिटेल की भी जांच

जांच एजेंसियां नाना पटवारी के तीन बैंक खातों का विवरण भी खंगाल रही हैं। पुलिस के अनुसार, कुछ लेन-देन भूरु और एक युवती से जुड़े मिले हैं। पूछताछ में नाना पटवारी ने कहा कि युवती से उनका संपर्क शुभम वैली कॉलोनी में एक प्लॉट के सौदे के सिलसिले में था और पैसों का लेन-देन उसी कारण हुआ। पुलिस अब बैंक रिकॉर्ड, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का मिलान कर रही है।

2020 के पुराने ड्रग्स केस की भी जांच

पुलिस ने विजय नगर थाना के वर्ष 2020 के एक ड्रग्स मामले की केस डायरी भी खंगाली है। अधिकारियों के अनुसार, उस मामले के एक आरोपी ने अपने बयान में नाना पटवारी का नाम लिया था। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उस प्रकरण में पहले ही न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका है और वर्तमान जांच के दौरान उपलब्ध सभी तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है।

फिलहाल पूछताछ जारी, कोई गिरफ्तारी नहीं

ड्रग्स विरोधी अभियान के बीच इस मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। हालांकि डीसीपी नरेंद्र सिंह रावत का कहना है कि जांच अभी जारी है और सभी साक्ष्यों को जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त प्रमाण मिलने पर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं नाना पटवारी ने पूछताछ के दौरान ड्रग्स खरीदने, सप्लाई कराने या सेवन करने से जुड़े सभी आरोपों से इनकार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *