सतना रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नशे में धुत एक युवक ने पहले रेलवे ट्रैक पर गिरकर अपनी जान जोखिम में डाल दी और बचाए जाने के बाद आरपीएफ के हेड कांस्टेबल पर ही हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जीआरपी चौकी प्रभारी राजेश राज के अनुसार, शनिवार शाम आरपीएफ के हेड कांस्टेबल गोविंद नारायण सिंह प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर नियमित गश्त कर रहे थे। इसी दौरान नशे की हालत में घूम रहा बिहारीलाल (36), निवासी कौशाम्बी (उत्तर प्रदेश), संतुलन बिगड़ने से रेलवे ट्रैक पर गिर गया। हेड कांस्टेबल ने मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद जब उसे समझाने और फटकार लगाने की कोशिश की गई तो युवक अचानक आक्रामक हो गया।
डंडा छीनकर पुलिसकर्मी पर कर दिया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने बहस के दौरान आरपीएफ हेड कांस्टेबल का डंडा छीन लिया और उसी से मारपीट शुरू कर दी। कुछ देर के लिए स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, मौके पर मौजूद वेंडरों और अन्य लोगों की मदद से पुलिसकर्मी ने आरोपी को काबू में कर लिया। इस पूरी घटना का वीडियो भी किसी ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जीआरपी ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद आरोपी को जीआरपी के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट करने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह काम के सिलसिले में मुंबई जा रहा था, लेकिन नशे की हालत में सतना स्टेशन पर उतर गया और इधर-उधर भटकने लगा। जीआरपी का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।