मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में एक वेल्डिंग वर्कशॉप उस समय धमाके से दहल उठी, जब क्रूड ऑयल ले जा चुके एक टैंकर की मरम्मत के दौरान अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना भीषण था कि टैंकर के लोहे के टुकड़े करीब 500 मीटर दूर तक जा गिरे, एक ग्रामीण की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
वेल्डिंग के दौरान हुआ जोरदार विस्फोट
खरगोन जिले के कसरावद क्षेत्र के मगरखेड़ी गांव में मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित एक वेल्डिंग वर्कशॉप में रविवार को एक खाली क्रूड ऑयल टैंकर के पिछले हिस्से की मरम्मत की जा रही थी। इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया।
यह भी पढ़ें: बैटरियों से भरे ट्रक में धधकी भीषण आग, NH-44 पर मची अफरा-तफरी
500 मीटर दूर तक उड़े टैंकर के परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना शक्तिशाली था कि टैंकर के लोहे के टुकड़े करीब 500 मीटर दूर तक जा गिरे। विस्फोट की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई मकानों के दरवाजे, खिड़कियों के शीशे और पास खड़े वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।
बकरी चरा रहे ग्रामीण की मौत, दो गंभीर
विस्फोट के समय पास में बकरियां चरा रहे भीम रोकड़े (45) लोहे के उड़ते टुकड़ों की चपेट में आ गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में टैंकर चालक और वेल्डिंग मैकेनिक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का उच्च चिकित्सा केंद्र में इलाज चल रहा है।
गैस बनने की आशंका, जांच शुरू
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि खाली टैंकर के भीतर ज्वलनशील गैस या तेल के अवशेष मौजूद थे। वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से विस्फोट हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और तकनीकी कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
साप्ताहिक बाजार के कारण बढ़ सकता था नुकसान
घटना ऐसे स्थान पर हुई जहां रविवार को साप्ताहिक बाजार भी लगता है। पुलिस के अनुसार यदि विस्फोट भीड़भाड़ के समय होता, तो जनहानि कहीं अधिक हो सकती थी।
यह भी पढ़ें: गुना में LPG से भरे GAIL टैंकर में लगी भीषण आग, घंटों बाद पाया गया काबू