सतना में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब कैमा रेलवे स्टेशन के पास सड़क किनारे एक नाबालिग लड़की बेहोशी की हालत में मिली। उसके हाथ-पैर और मुंह बंधे हुए थे, शरीर पर चोट के निशान थे और कपड़े भी फटे हुए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
कैसे सामने आया मामला
घटना कोलगवां थाना क्षेत्र के कैमा रेलवे स्टेशन के पास की है। स्थानीय सरपंच मनोज कुमार की नजर सड़क किनारे बेहोश पड़ी नाबालिग पर पड़ी। उन्होंने देखा कि लड़की के हाथ-पैर और मुंह बंधे हुए थे। शरीर पर चोट के निशान थे और कपड़े भी फटे हुए थे। स्थिति गंभीर देखकर उन्होंने तत्काल डायल-112 को सूचना दी।
पुलिस ने पहुंचकर अस्पताल पहुंचाया
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय महिला छोटीबाई कोल की मदद से नाबालिग को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही सीएसपी डीपी सिंह चौहान और कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी भी जिला अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
बयान देने की स्थिति में नहीं है लड़की
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नाबालिग काफी डरी-सहमी हुई है और फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसका उपचार जारी है। चिकित्सकीय स्थिति में सुधार होने के बाद महिला अधिकारी की मौजूदगी में उसका बयान दर्ज किया जाएगा, ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता चल सके।
कई एंगल से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। जांच टीम घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आने-जाने वाले मार्गों पर भी पड़ताल की जा रही है। स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि लड़की वहां कैसे पहुंची और उसके साथ क्या हुआ।
मैहर से जुड़े होने की आशंका
प्राथमिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि नाबालिग का संबंध मैहर जिले से हो सकता है। इस संबंध में मैहर पुलिस से भी संपर्क किया गया है, ताकि उसकी पहचान और परिजनों का पता लगाया जा सके।
हर पहलू से होगी जांच
पुलिस का कहना है कि लड़की के साथ किसी भी प्रकार की अनहोनी की आशंका को देखते हुए मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया गया है। जांच और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।