‘राजनाथ सिंह और अनुराग ठाकुर मेरे रिश्तेदार हैं…’ कहकर 38 लाख की ठगी का आरोप

पीड़िता बोली- पति की जान भी चली गई

मध्य प्रदेश के रीवा में एक महिला ने खुद को ठगी का शिकार बताते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि एक व्यक्ति ने खुद को केंद्रीय मंत्रियों का रिश्तेदार बताकर पहले भरोसा जीता, फिर सरकारी योजनाओं और करोड़ों के बिल भुगतान का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठ लिए। पीड़िता का दावा है कि इस सदमे में उसके पति की मौत भी हो गई।

क्या है पूरा मामला

गाजियाबाद की रहने वाली माया त्यागी सोमवार को रीवा एसपी कार्यालय पहुंचीं और लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि रीवा निवासी अभयराज सिंह ने खुद को प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से जुड़ा बताते हुए उनके परिवार का भरोसा जीता। महिला का कहना है कि आरोपी ने दावा किया कि उसके केंद्रीय मंत्रियों से पारिवारिक संबंध हैं और उनके प्रभाव से केंद्र सरकार की योजनाओं में पार्टनरशिप दिला सकता है।

आरोपी ने कैसे जीता भरोसा

शिकायतकर्ता माया त्यागी का आरोप है कि अभयराज सिंह ने खुद को केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का रिश्तेदार बताया। महिला का कहना है कि आरोपी ने इन्हीं कथित संबंधों का हवाला देकर उनके परिवार का विश्वास जीता और दावा किया कि वह केंद्र सरकार की योजनाओं में काम दिलवा सकता है तथा सरकारी विभागों में रुके भुगतान भी अपने प्रभाव से जारी करा सकता है।

80 लाख का बिल पास कराने का दिया झांसा

शिकायत के मुताबिक आरोपी ने जल निगम आगरा में पाइप सप्लाई के 80 लाख रुपये के बिल का भुगतान कराने और सरकारी प्रोजेक्ट दिलाने का भरोसा दिया। इसी भरोसे में आकर महिला के पति ने अपना प्लॉट गिरवी रखकर अलग-अलग किश्तों में 37 लाख 80 हजार रुपये आरोपी को दे दिए। महिला का आरोप है कि न तो कोई काम मिला और न ही रकम वापस की गई।

‘सदमे में पति की हो गई मौत’

माया त्यागी का दावा है कि आर्थिक नुकसान और मानसिक तनाव के कारण उनके पति गहरे अवसाद में चले गए। बाद में उनकी मौत हो गई। महिला के अनुसार, पति की मौत के बाद वह करीब दो से ढाई वर्ष तक सदमे में रही। अब उन्होंने न्याय पाने के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया है।

आरोपी से कैसे हुई पहचान

शिकायत में कहा गया है कि आरोपी से उनकी पहचान कॉलोनी में रहने वाले कुछ लोगों के माध्यम से हुई थी। शुरुआती मुलाकात के बाद आरोपी ने कथित तौर पर अपने राजनीतिक संबंधों का हवाला देकर विश्वास कायम किया और फिर निवेश तथा सरकारी काम दिलाने के नाम पर पैसे ले लिए।

पुलिस ने कहा

रीवा पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर जो भी वैधानिक कार्रवाई होगी, वह की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *