TV का वॉल्यूम 100 पर कर पत्नी की हत्या, तिलक लगाकर बच्चों के स्कूल पहुंचा आरोपी पति; 4 टीमें तलाश में जुटीं

इंदौर के चर्चित पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी हत्याकांड में जांच आगे बढ़ने के साथ कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। पुलिस जांच और परिजनों के बयानों के मुताबिक, आरोपी पति ने वारदात को पूरी योजना के साथ अंजाम दिया। आरोप है कि हत्या के दौरान पत्नी की चीखें बाहर न सुनाई दें, इसके लिए उसने टीवी का वॉल्यूम 100 तक बढ़ा दिया था।

TV का वॉल्यूम 100 पर कर दिया, ताकि चीखें बाहर न जाएं

जांच में सामने आया है कि वारदात के समय आरोपी ने घर के टीवी का वॉल्यूम 100 पर कर दिया था। मृतका की बेटी प्रेक्षा ने पुलिस को बताया कि जब वह स्कूल से घर लौटी तो मुख्य दरवाजा खुला मिला और टीवी की आवाज असामान्य रूप से तेज थी। घर के पहले कमरे में उसकी मां उर्मिला सैनी का शव खून से लथपथ पड़ा था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या तेज आवाज इसलिए की गई थी ताकि वारदात के दौरान किसी को चीख-पुकार सुनाई न दे।

हत्या के बाद नहाया, तिलक लगाया और बच्चों के स्कूल पहुंच गया

पुलिस जांच के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी अखिलेश सैनी ने खून से सने कपड़े घर के पास एक चेंबर में फेंक दिए। इसके बाद उसने नहाकर कपड़े बदले, बालों में तेल लगाया और माथे पर तिलक लगाकर सीधे बच्चों के स्कूल पहुंच गया। वहां उसने बेटी प्रेक्षा को मां का नेकलेस, घर की चाबी और एटीएम कार्ड देते हुए छुट्टी के बाद मौसी के घर जाने के लिए कहा। इसके बाद वह वहां से फरार हो गया।

मेडिकल नाइफ से हत्या की आशंका

जांच के दौरान घर से एक मेडिकल नाइफ बॉक्स बरामद हुआ है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हत्या में इसी तरह के विशेष मेडिकल चाकू का इस्तेमाल किया गया था या नहीं। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने पहले से ऑनलाइन एक विशेष मेडिकल नाइफ मंगाई थी, जिसका इस्तेमाल गहरे चीरे लगाने के लिए किया जाता है। फिलहाल पुलिस इस दावे की पुष्टि के लिए जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम में सामने आई बेरहमी

पोस्टमार्टम और शुरुआती जांच के अनुसार, उर्मिला सैनी के सिर पर पहले भारी वार किया गया। इसके बाद गर्दन और चेहरे पर कई वार किए गए। शव का जबड़ा और चार दांत भी टूटे मिले। पुलिस इन तथ्यों को फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों से मिलान कर रही है।

फरारी की भी थी पूरी तैयारी

पुलिस के मुताबिक आरोपी वारदात के बाद रेलवे स्टेशन और सरवटे बस स्टैंड क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों में दिखाई दिया। इसके बाद वह ऐसे रास्तों से निकल गया जहां निगरानी कम थी। जांच में यह भी सामने आया है कि वह अपने साथ एक डेबिट कार्ड लेकर फरार हुआ है और लगातार ठिकाने बदल रहा है।

चार टीमें कर रहीं तलाश

इंदौर पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की हैं। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से उसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *