मैहर। राजस्थान के बारां जिले में दर्ज साइबर फ्रॉड के एक मामले की जांच के दौरान मैहर जिले के दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। राजस्थान पुलिस की साइबर टीम मंगलवार को मैहर पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से दोनों संदिग्धों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।
बैंक खातों में मिले 18 लाख से ज्यादा के संदिग्ध लेनदेन
पुलिस सूत्रों के अनुसार, साइबर ठगी के मामले की जांच के दौरान मैहर जिले के डेल्हा गांव निवासी श्रीकांत लखेरा और राजन लखेरा के नाम सामने आए। जांच में दोनों के बैंक खातों में 18 लाख रुपये से अधिक के संदिग्ध लेनदेन मिलने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद राजस्थान पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की।
मैहर कोतवाली में हुई पूछताछ
दो सदस्यीय राजस्थान पुलिस टीम मंगलवार सुबह मैहर पहुंची। कोतवाली में आमद दर्ज कराने के बाद स्थानीय पुलिस के साथ डेल्हा गांव में दबिश देकर दोनों युवकों को मैहर कोतवाली लाया गया। यहां कई घंटे तक पूछताछ की गई।
मोबाइल और बैंक दस्तावेज भी किए जब्त
पूछताछ के दौरान पुलिस ने दोनों युवकों के मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और अन्य जरूरी दस्तावेज जब्त किए। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद देर शाम राजस्थान पुलिस दोनों को आगे की पूछताछ के लिए अपने साथ बारां ले गई।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
मैहर और आसपास के क्षेत्रों से इससे पहले भी साइबर अपराध से जुड़े मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। रामनगर, अमरपाटन समेत अन्य इलाकों के कुछ लोगों के नाम भी अलग-अलग राज्यों में दर्ज साइबर फ्रॉड और अन्य गंभीर अपराधों की जांच में सामने आ चुके हैं।
जांच जारी
फिलहाल राजस्थान पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक दोनों युवकों की गिरफ्तारी या उनके खिलाफ दर्ज धाराओं को लेकर आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।