गाजीपुर देवी मंदिर चोरी: चोर का सुराग देने वाले को मिलेगा 1 लाख इनाम, 25 किलो चांदी अब भी लापता

सतना। जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र के शिवराजपुर स्थित प्रसिद्ध गाजीपुर देवी मंदिर में हुई लाखों रुपये की चोरी का मामला अब तक अनसुलझा है। घटना के कई दिन बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। इस बीच मंदिर को चांदी जड़ित सिंहासन भेंट करने वाले मुंबई के उद्योगपति और शिवराजपुर निवासी रुद्र प्रताप त्रिपाठी ने चोरों का सुराग देने वाले को एक लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है। उन्होंने यह भी कहा है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

एक महीने में मंदिर में दूसरी बड़ी चोरी

गाजीपुर देवी मंदिर में बीते एक महीने के भीतर चोरी की यह दूसरी बड़ी वारदात है। 2 जुलाई की रात बदमाश मंदिर के गर्भगृह में घुस गए और माता के चांदी जड़ित सिंहासन को क्षतिग्रस्त कर उसमें लगी करीब 22 किलोग्राम चांदी उखाड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पहले हुई चोरी की करीब 3 किलोग्राम चांदी को जोड़ दें तो अब तक लगभग 25 किलोग्राम चांदी चोरी हो चुकी है।

सुबह खुला चोरी का राज

अगले दिन जब पुजारी और श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो गर्भगृह का दृश्य देखकर हैरान रह गए। माता का सिंहासन टूटा हुआ था और उस पर जड़ी चांदी गायब थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, लेकिन अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिल सकी है।

पहली चोरी का भी नहीं हुआ खुलासा

ग्रामीणों के अनुसार, 2 और 3 जून की दरम्यानी रात भी मंदिर में चोरी हुई थी। उस समय चोर सिंहासन की सीढ़ियों से करीब 3 किलोग्राम चांदी चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाने और जांच का दावा किया था, लेकिन एक महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी उस मामले का खुलासा नहीं हो सका।

दो साल पहले भेंट किया गया था चांदी जड़ित सिंहासन

जानकारी के अनुसार, यह चांदी जड़ित सिंहासन करीब दो वर्ष पहले मुंबई के उद्योगपति रुद्र प्रताप त्रिपाठी ने मंदिर को भेंट किया था। विशेष रूप से तैयार कराए गए इस सिंहासन पर चांदी की परत चढ़ाई गई थी, जिसे बदमाश तोड़कर अपने साथ ले गए।

ग्रामीणों में बढ़ रहा आक्रोश

लगातार दो बार हुई चोरी और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि प्रसिद्ध धार्मिक स्थल की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए और मामले का जल्द खुलासा होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *