मुरैना में स्कूल से 4 साल के मासूम का अपहरण, छुट्टी के बाद स्कूटी सवार दो युवक उठाकर ले गए

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में मंगलवार को दिनदहाड़े एक निजी स्कूल से 4 वर्षीय बच्चे के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है। स्कूल की छुट्टी होते ही स्कूटी पर सवार दो युवक मासूम को गोद में उठाकर अपने साथ फरार हो गए। पूरी वारदात स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने जिलेभर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

रेन बो स्कूल से हुआ मासूम का अपहरण

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की गायत्री कॉलोनी, गोपालपुरा स्थित रेन बो स्कूल की है। अपहृत बच्चे की पहचान कार्तिकेय राजपूत (4) के रूप में हुई है, जो प्ले ग्रुप का छात्र है। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और परिजनों में हड़कंप मच गया।

छुट्टी के बाद दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को कार्तिकेय रोज की तरह स्कूल पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छुट्टी से कुछ देर पहले स्कूटी पर सवार दो युवक स्कूल के बाहर पहुंचे। जैसे ही छुट्टी हुई, उनमें से एक युवक बच्चे को गोद में उठाकर स्कूटी तक ले गया और दोनों आरोपी मासूम को लेकर फरार हो गए।

मां के साथ ननिहाल में रहता है बच्चा

बताया जा रहा है कि कार्तिकेय अपनी मां ईशू यादव के साथ ननिहाल में रहता है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, उसके माता-पिता अलग-अलग रहते हैं। फिलहाल पुलिस पारिवारिक विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस स्कूल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

जिलेभर में नाकेबंदी, कई टीमें तलाश में जुटीं

मुरैना पुलिस ने जिले की सीमाओं पर नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी है। अलग-अलग पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि बच्चे को सकुशल बरामद करना उनकी पहली प्राथमिकता है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

स्कूलों की सुरक्षा पर उठे सवाल

दिनदहाड़े स्कूल परिसर से मासूम के अपहरण की घटना ने स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और परिजन बच्चे की सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *