मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दतिया उपचुनाव के लिए ग्वालियर सांसद भरत सिंह कुशवाहा को चुनाव प्रभारी और प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी को सह-प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी इस नियुक्ति के जरिए संगठन और जातीय समीकरण दोनों को साधने की कोशिश में है।
भरत सिंह कुशवाहा को सौंपी चुनाव की कमान
मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बुधवार को दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए चुनाव प्रबंधन टीम का ऐलान किया। पार्टी ने ग्वालियर सांसद भरत सिंह कुशवाहा को चुनाव प्रभारी और प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी को सह-प्रभारी बनाया है। दोनों नेताओं को चुनाव अभियान का समन्वय, संगठन को सक्रिय करने और बूथ स्तर तक रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बूथ मैनेजमेंट से लेकर चुनावी रणनीति तक होगी जिम्मेदारी
भाजपा नेतृत्व चाहता है कि मतदान से पहले प्रत्येक बूथ पर संगठन पूरी तरह सक्रिय रहे। चुनाव प्रभारी और सह-प्रभारी कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करेंगे, प्रचार अभियान की निगरानी करेंगे और स्थानीय नेतृत्व के साथ मिलकर चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देंगे।
कुशवाहा समाज के वोटों पर भी भाजपा की नजर
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भरत सिंह कुशवाहा को चुनाव प्रभारी बनाए जाने के पीछे केवल संगठनात्मक अनुभव ही नहीं, बल्कि दतिया का जातीय समीकरण भी एक अहम कारण है। दतिया विधानसभा क्षेत्र में करीब 27 हजार कुशवाहा समाज के मतदाता बताए जाते हैं, जिन्हें चुनाव में निर्णायक माना जाता है। ऐसे में भाजपा इस नियुक्ति के जरिए इस वर्ग में अपनी पकड़ और मजबूत करने का प्रयास कर रही है।
30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को आएगा परिणाम
दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। भाजपा ने आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने पूर्व विधायक घनश्याम सिंह पर दांव लगाया है। दोनों प्रमुख दलों ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं, जिससे मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद है।