सतना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बुधवार रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। शराब से लदी एक कार ने पहले बाइक सवार और राहगीर को टक्कर मारी, फिर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद कार से शराब की बोतलें बिखर गईं, जिससे कथित तस्करी का मामला भी सामने आ गया।
बगहा के पास हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात करीब 9 बजे सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बगहा के पास यह हादसा हुआ। संतनगर निवासी संदीप गर्ग (35) चित्रकूट की ओर से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह हाईवे से अपने घर की ओर मुड़े, तभी सिविल लाइन की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही बिना नंबर की कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
इसी दौरान सड़क पार कर रहे धीरज कुमार नामदेव, निवासी अहिरगांव, भी कार की चपेट में आ गए। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई।
दोनों घायलों की हालत गंभीर
हादसे में संदीप गर्ग और धीरज कुमार नामदेव गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
कार पलटते ही खुला शराब तस्करी का मामला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार पलटने के बाद उसमें रखी शराब की कई बोतलें सड़क पर बिखर गईं और कुछ टूट भी गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिसमें 100 लीटर से अधिक शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है।
लोगों ने दो आरोपियों को दबोचा, दो फरार
दुर्घटना के बाद कार में सवार चार लोग भागने लगे। स्थानीय लोगों ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस पकड़े गए आरोपियों से शराब के स्रोत, गंतव्य और तस्करी के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। फरार आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी गई है। मामले में आबकारी अधिनियम और दुर्घटना से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।