सतना जिले के मझगवां थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घर के बाहर खेलते समय लापता हुए 8 वर्षीय बालक का शव अगले दिन जंगल में क्षत-विक्षत हालत में मिला। प्रारंभिक तौर पर जंगली जानवर, विशेषकर तेंदुए के हमले की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, मझगवां थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव निवासी नितिन यादव (8 वर्ष) बुधवार शाम करीब 7 बजे घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। काफी देर तक तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीणों ने रात में गांव और आसपास के जंगल में सर्च अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
20 घंटे बाद जंगल में मिला शव
गुरुवार सुबह दोबारा बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। शाम करीब 5 बजे गांव से लगभग 500 मीटर दूर पहाड़ी से लगे घने जंगल में बालक का क्षत-विक्षत शव मिला।
घटनास्थल का दृश्य बेहद दर्दनाक था। शव के कई हिस्से अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले, जबकि शरीर का कुछ हिस्सा गायब था। शव मिलने की सूचना पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तेंदुए के हमले की आशंका
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जिस क्षेत्र में शव मिला वह तेंदुओं की मौजूदगी वाला इलाका माना जाता है। शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया किसी जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल के वैज्ञानिक निरीक्षण के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।
पुलिस और वन विभाग कर रहे जांच
मझगवां पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं वन विभाग की टीम भी घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि घटना में तेंदुए या किसी अन्य जंगली जानवर की भूमिका थी या नहीं।