होटल की लिफ्ट में फंसे शशि थरूर, फायर टीम ने सुरक्षित निकाला

केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में कांग्रेस सांसद शशि थरूर उस समय कुछ देर के लिए होटल की लिफ्ट में फंस गए, जब वे एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। सूचना मिलते ही फायर एंड रेस्क्यू सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

कार्यक्रम में जाते समय हुई घटना

जानकारी के अनुसार, शशि थरूर तिरुवनंतपुरम में रोटरी क्लब ऑफ त्रिवेंद्रम ईस्ट के स्थापना समारोह में शामिल होने के लिए एक निजी होटल पहुंचे थे। इसी दौरान वे होटल की लिफ्ट से ऊपरी मंजिल पर जा रहे थे, तभी तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट बीच में रुक गई। उनके साथ कई अन्य लोग भी लिफ्ट में मौजूद थे।

फायर टीम ने हाइड्रोलिक स्प्रेडर से खोला दरवाजा

होटल प्रबंधन की सूचना पर केरल फायर एंड रेस्क्यू सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती प्रयास सफल नहीं होने पर टीम ने हाइड्रोलिक स्प्रेडर की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोला और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

रेस्क्यू के बाद बचावकर्मियों का किया सम्मान

सुरक्षित बाहर आने के बाद शशि थरूर ने फायर एंड रेस्क्यू सर्विस के जवानों का आभार जताया। उन्होंने उनकी त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए बचाव दल के कर्मियों को सम्मानित भी किया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *