मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से एक दुखद खबर सामने आई है। धमोखर बफर क्षेत्र में एक बाघ शावक मृत मिला है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वन विभाग के अनुसार, शुक्रवार को नियमित गश्त के दौरान धमोखर बफर क्षेत्र में बाघ के एक शावक का शव मिला। सूचना मिलते ही पार्क प्रबंधन और वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
शरीर पर मिले चोट और संघर्ष के निशान
प्रारंभिक निरीक्षण में शावक के शरीर पर चोट के साथ संघर्ष के निशान भी पाए गए हैं। अधिकारियों का मानना है कि अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा। वन विभाग ने मौके से नमूने भी एकत्र किए हैं और नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्षेत्र संचालक ने की पुष्टि
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय ने शावक का शव मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों पर स्पष्ट जानकारी दी जाएगी। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व देश के प्रमुख बाघ अभयारण्यों में शामिल है। ऐसे में किसी भी बाघ या शावक की असामान्य मौत को वन विभाग गंभीरता से लेता है। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।