सतना के मासूम नितिन की मौत पर बड़ा खुलासा अभी बाकी, शरीर पर मिले जंगली जानवर के पंजों के निशान

सतना जिले के मझगवां थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव में जंगल से मिले 8 वर्षीय नितिन यादव के क्षत-विक्षत शव मामले में अब पोस्टमार्टम के बाद नई जानकारियां सामने आई हैं। डॉक्टरों की शुरुआती रिपोर्ट में शरीर पर जंगली जानवर के पंजों के निशान मिलने की पुष्टि हुई है, हालांकि मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

3 डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम

जिला अस्पताल में शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज के फॉरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. चंद्रशेखर बाघमारे, डॉ. प्रतीक शुक्ला और मझगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मेडिकल ऑफिसर डॉ. विजय पाठक की टीम ने पोस्टमार्टम किया।

शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार नितिन के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। डॉक्टरों का मानना है कि ये चोट भागते समय गिरने या किसी हमले के दौरान भी लग सकती है।

शरीर पर मिले जंगली जानवर के पंजों के निशान

पोस्टमार्टम के दौरान गाल पर घिसटने जैसे निशान भी मिले हैं, जो किसी जंगली जानवर द्वारा शव को घसीटने की ओर इशारा करते हैं। इसके अलावा शरीर पर पंजों के निशान भी पाए गए हैं।

हालांकि डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि मौत का अंतिम कारण विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही तय किया जा सकेगा।

रीवा और भोपाल भेजे जाएंगे सैंपल

जांच को वैज्ञानिक आधार देने के लिए डॉक्टरों ने स्किन स्वाब, विसरा, दांत और जबड़ा सुरक्षित कर पुलिस की फॉरेंसिक टीम को सौंप दिया है।

  • स्किन स्वाब और विसरा की जांच रीवा स्थित फॉरेंसिक साइंस लैब में होगी।
  • डीएनए परीक्षण के लिए जबड़ा भोपाल की प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

इन रिपोर्टों के आधार पर यह स्पष्ट होगा कि मासूम की मौत जंगली जानवर के हमले से हुई या किसी अन्य वजह से।

बारिश ने बढ़ाई जांच की चुनौती

उधर, वन विभाग की 14 सदस्यीय टीम ने घटनास्थल के आसपास करीब 500 मीटर के दायरे में सर्च ऑपरेशन चलाया। चित्रकूट रेंजर अभिषेक मिश्रा ने बताया कि लगातार बारिश के कारण मौके पर किसी भी जंगली जानवर के पगमार्क नहीं मिल सके। ऐसे में जांच का पूरा आधार अब पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट पर रहेगा।

पहले क्या हुआ था

बुधवार शाम घर के बाहर खेलते समय लापता हुआ 8 वर्षीय नितिन यादव करीब 20 घंटे बाद गांव से कुछ दूरी पर जंगल में मृत मिला था। शव क्षत-विक्षत हालत में मिलने के बाद जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई गई थी। अब पोस्टमार्टम की शुरुआती रिपोर्ट ने जांच को नई दिशा दी है और अंतिम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: खेलते-खेलते 8 साल का मासूम लापता, 20 घंटे बाद जंगल में मिला क्षत-विक्षत शव; जंगली जानवर के हमले की आशंका

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *