रविवार की शाम गुना जिले में एक हंसता-खेलता परिवार हमेशा के लिए बिखर गया। तेज रफ्तार अर्टिका कार की भीषण टक्कर ने पति, पत्नी और उनके मासूम बेटे की जिंदगी एक ही पल में छीन ली। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में मातम छा गया।
म्याना थाना क्षेत्र में हुआ भीषण हादसा
जानकारी के अनुसार, पिपरौदा खुर्द निवासी 30 वर्षीय मनोज कुशवाह अपनी 27 वर्षीय पत्नी मालती कुशवाह और 7-8 वर्षीय बेटे कार्तिक के साथ बाइक से जा रहे थे। रविवार शाम जब वे भदौरा गांव के पास पहुंचे, तभी ग्वालियर की ओर से आ रही तेज रफ्तार अर्टिका कार ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण कि तीनों ने मौके पर तोड़ दिया दम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसा इतना भयावह था कि मनोज, मालती और उनके मासूम बेटे कार्तिक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
हादसे के बाद कार चालक मौके से निकलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। बाद में सूचना मिलने पर म्याना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक किराए की टैक्सी चला रहा था और कार में एक परिवार भी सवार था।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ।
एक पल में उजड़ गया पूरा परिवार
रविवार की शाम जो परिवार अपने गंतव्य की ओर साथ निकला था, वह कभी घर नहीं लौट सका। इस हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही कितनी बड़ी कीमत वसूल सकती है। एक मासूम बच्चे समेत तीन जिंदगियों का एक साथ खत्म हो जाना पूरे क्षेत्र को गमगीन कर गया।